मुरादाबाद, 20 मार्च । कटघर थाना क्षेत्र में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पाेरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के सहायक प्रबंधक प्रवीण पटेल पर चार लोगों ने हमला कर दिया था। इस मामले में 12 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज की गई थी, लेकिन पुलिस अभी तक मामले में आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच करायी। लापरवाही सामने आने पर कटघर थाना प्रभारी विनोद कुमार को निलंबित कर दिया और उनकी जगह पर इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह को नया प्रभारी नियुक्त कर दिया है।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पाेरेशन लिमिटेड के सहायक प्रबंधक हेड प्रवीण पटेल ने 12 फरवरी को कटघर थाना में थाना क्षेत्र स्थित जैतिया शाहदुल्लापुर निवासी अंशु और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कटघर क्षेत्र के एक गांव में कंपनी गैस पाइप लाइन बिछा रही है। प्रवीण पटेल 12 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे जैतिया शाहदुल्लापुर में साइट पर निरीक्षण को गए थे। इस दौरान अंशु ने अपने दो साथियों के साथ उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की। इसी बीच बदायूं में इसी कंपनी से जुड़े दो अधिकारियों की हत्या कर दी गई।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने मामले की समीक्षा की तो पुलिस की लापरवाही सामने आई। एसएसपी ने कटघर थाना प्रभारी विनोद कुमार को निलंबित कर दिया। उनकी जगह जीएसटी चोरी प्रकरण की जांच कर रहे एसआईटी के इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह को कटघर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसएसपी सतपाल अंतिल का कहना है कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

