आज आदित्यपुर नगर निगम द्वारा IDTR सभागार में स्वच्छता को लेकर एक भव्य मेगा इवेंट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर निगम के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महापौर संजय सरदार, उपमहापौर अंकुर सिंह, नगर आयुक्त रवि प्रकाश, IDTR के जनरल मैनेजर रविंद्र, सीनियर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष ए.के. श्रीवास्तव, पूर्व जीएम अशुतोष सिंह तथा ब्रांड एंबेसडर तनुश्री बोस की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आदित्यपुर में आयोजित यह अपने प्रकार का पहला कार्यक्रम था, जिसमें स्वच्छता में जनभागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन नगर प्रबंधक देवाशिस प्रधान एवं रॉबिन सोरभ कच्छप द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण पहल के तहत डिजिटल प्रणाली के माध्यम से नगर निगम से संबंधित समस्याओं की शिकायत एवं निवारण हेतु एक स्कैनर का भी विमोचन किया गया। इस स्कैनर को Innovate Solution की डायरेक्टर शिवानी खिरवाल द्वारा विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया। ड्राइंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए श्यामा मोही गमरिया हाई स्कूल को सम्मानित किया गया। वहीं चालक कृष्ण महाली को अपने कार्य में उत्कृष्टता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एंकर दीपिका प्रधान द्वारा किया गया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन अशुतोष सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस कार्यक्रम में IDTR के स्टूडेंट्स, फैकल्टीज एवं अन्य गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही पार्षद तुफरिया माथुर ने भी अपने विचार साझा करते हुए स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की शुरुआत हो चुकी है और जल्द ही सर्वेक्षण टीम नगर निगम का दौरा करेगी। इस सर्वेक्षण में कचरा प्रबंधन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, कम्पोस्टिंग, वाटर हार्वेस्टिंग एवं ओडीएफ जैसे महत्वपूर्ण मापदंडों के आधार पर नगर निगम की रैंकिंग तय की जाएगी।
पिछले वर्ष नगर निगम को झारखंड में 10वां एवं पूरे भारत में 780वां स्थान प्राप्त हुआ था। इस वर्ष रैंकिंग में सुधार हेतु नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
महापौर संजय सरदार ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सफाई की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए। वहीं उपमहापौर अंकुर सिंह ने भी लोगों से अपील की कि वे केवल नगर निगम पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं भी स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाएं।
सीनियर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष ए.के. श्रीवास्तव ने इंदौर का उदाहरण देते हुए स्वच्छता में जनजागरूकता की भूमिका को रेखांकित किया।
अंत में ब्रांड एंबेसडर तनुश्री बोस ने सभी नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित होते रहेंगे।

