रांची, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शराब के साथ हटिया रेलवे स्टेशन से दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में नालंदा निवासी सुधीर कुमार और जहानाबाद निवासी सुजीत कुमार के रूप में की गई है।
दोनों के पास से कुल 25 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे उक्त शराब रांची के खोराटोली से खरीदकर एकंगरसराय (बिहार) ले जाकर अधिक मूल्य पर बिक्री करने के उद्देश्य से परिवहन कर रहे थे। रांची के आरपीएफ सिक्योरिटी कमिश्नर पवन कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई ऑपरेशन सतर्क के तहत की गई है।
आरपीएफ के अनुसार चेकिंग के दौरान हटिया रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश-निकास द्वार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हाथ में थैला लिए एक साथ प्रवेश करते हुए देखा गया। ड्यूटी पर तैनात लगेज स्कैनर स्टाफ रीना यादव की ओर से जब उनसे सामान को एक्स-बी-एस मशीन में डालने को कहा गया तो वे घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। तत्परता दिखाते हुए आरपीएफ टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
बरामद अवैध शराब को उपनिरीक्षक रीता कुमारी ने जब्त किया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उत्पाद विभाग, आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रीता कुमारी, सूरज राजबंशी, आर.के. महतो, रीना यादव, सोनाली शर्मा सहित अन्य शामिल थे।

