BREAKING NEWS

logo

भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को केंद्रीय मंत्रियों ने बताया ऐतिहासिक कदम


नई दिल्ली, 07 फ़रवरी (हि.स.)। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा तैयार होने के बाद दोनों देशों की ओर से जारी संयुक्त वक्तव्य का केंद्रीय मंत्रियों ने स्वागत किया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल, एस. जयशंकर और सर्बानंद सोनोवाल सहित कई नेताओं ने इसे भारत की आर्थिक प्रगति, निवेश बढ़ाने और रोजगार सृजन के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह समझौता किसानों, उद्यमियों और मत्स्य क्षेत्र के लिए नए अवसर खोलेगा तथा नवाचार, निवेश और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे भारत की आर्थिक यात्रा का रणनीतिक पड़ाव बताते हुए कहा कि इससे निर्यात बढ़ेगा, निवेश आएगा और किसानों के हित सुरक्षित रहेंगे।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि डेयरी, फल-सब्जियां, मसाले और अनाज जैसे क्षेत्रों को संरक्षित रखा गया है, जिससे किसानों के हित सुरक्षित रहेंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इसे आपसी लाभ वाला ढांचा बताते हुए कहा कि इससे भारतीय निर्यात को बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी और ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा मिलेगा।

संयुक्त बयान के अनुसार, यह ढांचा भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। कई औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर शुल्क कम या समाप्त करने पर सहमति बनी है। साथ ही ऊर्जा, विमानन, तकनीक और डिजिटल व्यापार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की योजना भी शामिल है।