BREAKING NEWS

logo

2023 के बाद पीयू छात्रों को मिलेगी प्लास्टिक कोटेड डिग्री


जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने डिग्रियों को अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने तय किया है कि वर्ष 2023 के बाद स्नातक, परास्नातक और व्यावसायिक पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को अब प्लास्टिक कोटेड डिग्री प्रदान की जाएगी।

विश्वविद्यालय के अनुसार, 2023 से पहले उत्तीर्ण विद्यार्थियों को पूर्व की तरह कागज पर मुद्रित डिग्री ही दी जाएगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य डिग्रियों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना और छेड़छाड़ की संभावना को कम करना है। कागज की डिग्रियां फटने या खराब होने की आशंका रहती है, जबकि प्लास्टिक कोटेड डिग्री अधिक मजबूत और टिकाऊ होती है। इससे रोजगार, उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन के दौरान छात्रों को सुविधा मिलेगी।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्लास्टिक कोटेड डिग्री में एक विशेष गुप्त कोड होगा, जिसे विभागीय स्तर पर सत्यापित किया जा सकेगा। इससे फर्जी डिग्री के मामलों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और इसकी सत्यता जांचना भी आसान होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ऐसी डिग्रियों को अधिक मान्यता मिलती है।