हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू), हिसार के योग विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने राजकीय महाविद्यालय बरवाला (पंचकूला) में आयोजित राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज योगासन चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन हरियाणा के उच्चतर शिक्षा विभाग के तत्वावधान में किया गया था, जिसमें प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय की महिला टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि योग के क्षेत्र में यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में योग विभाग की छात्राएं रीटा, प्रीति और स्नेहलता, मनोविज्ञान विभाग की नैंसी तथा रसायन विज्ञान विभाग की मधु वर्मा ने भाग लेकर स्वर्ण पदक हासिल किया। योग विभाग की रीटा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता। साथ ही छात्र सुमित को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न योगासन प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल हासिल कर विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। इस अवसर पर योग विभाग के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिसार विश्वविद्यालय ने योगासन चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण, बढ़ाया गौरव
