logo

आईआईटी आइआइएसएम–एनएचपीसी का ईडीपी कार्यक्रम संपन्न


धनबाद,  डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की ओर से नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचपीसी लिमिटेड) के सहयोग से 18 से 20 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय एग्जीक्यूटिव डेवलपमेंट प्रोग्राम (ईडीपी) — वर्किंग कैपिटल मैनेजमेंट ऑफ पावर प्रोजेक्ट्स — आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में एनएचपीसी लिमिटेड के वरिष्ठ वित्त अधिकारी, जिनमें सीनियर मैनेजर, ग्रुप सीनियर मैनेजर और डिप्टी जनरल मैनेजर ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य फोकस जलविद्युत परियोजनाओं में वर्किंग कैपिटल मैनेजमेंट की उन्नत तकनीकों पर रहा। प्रशिक्षण को इस तरह डिजाइन किया गया था कि प्रतिभागियों को सैद्धांतिक समझ के साथ-साथ व्यावहारिक विश्लेषणात्मक उपकरणों का अनुभव भी मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मोंटे कार्लो सिमुलेशन और डिस्क्रीट इवेंट सिमुलेशन (डीईएस) का एरीना सॉफ्टवेयर के माध्यम से हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। इससे उन्हें परियोजना से जुड़ी अनिश्चितताओं को मॉडल करने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और डेटा आधारित वित्तीय निर्णय लेने में मदद मिली। इंटरएक्टिव सत्रों में जोखिम विश्लेषण, परिणामों का पूर्वानुमान और वास्तविक परियोजना परिस्थितियों में निर्णय क्षमता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम समन्वयक प्रो निलाद्रि दास ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आईआईटी (आईएसएम) और एनएचपीसी के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को रेखांकित किया और बताया कि वर्ष 2009 से विभाग की ओर से कई विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। प्रो रश्मि सिंह ने आधुनिक सिमुलेशन टूल्स के साथ प्रभावी वर्किंग कैपिटल मैनेजमेंट की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण जलविद्युत परियोजनाओं में वित्तीय दक्षता और स्थिरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।