BREAKING NEWS

logo

पूर्व मेदिनीपुर में वसूली विवाद, विधायक अशोक दिन्दा को बुलावा


पूर्व मेदिनीपुर, जिले के मयना में पुलिस पर मछली से लदे वाहनों से अवैध वसूली के आरोप को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भाजपा विधायक अशोक दिन्दा के बयान के बाद उन्हें मयना थाने में तलब किया गया है।

मयना, जो पश्चिम बंगाल के प्रमुख मत्स्य उत्पादन केंद्रों में से एक माना जाता है। इसी संदर्भ में हाल ही में आयोजित भाजपा की ‘परिवर्तन संकल्प सभा’ में विधायक अशोक दिन्दा ने सार्वजनिक मंच से आरोप लगाया कि मछुआरों की गाड़ियों से नियमित रूप से पुलिस द्वारा धन उगाही की जाती है।

उन्होंने दावा किया कि शाम होते ही स्कूटी पर सवार तीन पुलिसकर्मी खड़े रहते हैं और प्रत्येक मछली वाहन से 100 से 200 रुपये तक वसूले जाते हैं।

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि वसूली की राशि का एक हिस्सा थाने में रहता है और शेष उच्च अधिकारियों तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि उनके पास इस संबंध में रिकॉर्ड और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं।

विधायक के इन आरोपों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। प्रशासन की ओर से अदालत की अनुमति लेकर उन्हें नोटिस जारी किया गया और पूछताछ के लिए मयना थाने में उपस्थित होने को कहा गया।



पूर्व मेदिनीपुर जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक मिथुन दे ने मंगलवार शाम बताया कि अशोक दिन्दा को तलब किया गया है। उन्होंने आने के लिए समय मांगा है। एसपी ने कहा कि किसी पद या संस्था पर इस प्रकार सार्वजनिक टिप्पणी करना उचित नहीं है और मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत देखा जा रहा है।