पल्लेकेले, टी20 विश्व कप में सोमवार को पल्लेकेले में होने वाला
मुकाबला लगातार बारिश की भेंट चढ़ गया। दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही
और एक भी गेंद फेंकी नहीं जा सकी। मैच रद्द होने का सबसे बड़ा फायदा
जिम्बाब्वे को मिला, जिसने सुपर-8 चरण के लिए टिकट हासिल कर लिया।
जिम्बाब्वे को मैच रद्द होने से 1 अंक मिला और उसके अब 5 अंक हो गए हैं,
जबकि ऑस्ट्रेलिया यदि अपना आखिरी मैच जीतता है तो भी उसके 4 ही अंक होंगे।
तो मैच रद्द होने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड का टूर्नामेंट में
सफर समाप्त हो गया।
बारिश के कारण अंक बंटने से जिम्बाब्वे सातवीं
टीम के रूप में सुपर-8 में पहुंचा। इसे के साथ अब सुपर 8 के जी 1 ग्रुप की
तस्वीर भी साफ हो गई है, इस ग्रुप में भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज,
और जिम्बाब्वे की टीम हैं। इस ग्रुप के सभी मुकाबले भारत में खेले जाएंगे।
वहीं
सुपर-8 ग्रुप जी2 में श्रीलंका, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और पाकिस्तान/यूएसए
में से एक टीम शामिल होगी। इस ग्रुप के मैच कोलंबो और पल्लेकेले में
आयोजित किए जाएंगे।
बारिश ने भले ही एक मुकाबले का रोमांच छीन लिया
हो, लेकिन टूर्नामेंट में आगे और भी दिलचस्प मुकाबले बाकी हैं। आज ही मुंबई
के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल और स्कॉटलैंड अपनी अभियान का समापन
आमने-सामने की भिड़ंत के साथ करेंगे।
सुपर-8 की तस्वीर अब लगभग पूरी
हो चुकी है और नॉकआउट की दौड़ में शामिल टीमें खिताब के लिए अपनी
तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच अभी
बाकी है।
टी20 विश्व कप: बारिश ने पल्लेकेले में खेल बिगाड़ा, जिम्बाब्वे सुपर-8 में, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड बाहर
