ढाका, 12 फरवरी (एजेंसी)। बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव और राष्ट्रीय जनमत संग्रह के लिए मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार दोपहर 12 बजे तक देश में कुल 32.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। बांग्लादेश निर्वाचन आयोग के मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 32,789 मतदान केंद्रों से यह आंकड़ा प्राप्त हुआ है। देशभर में कुल 42,651 मतदान केंद्रों पर मतदान चल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी मतदान केंद्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना, अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी समस्या की सूचना नहीं मिली है। इस बीच अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने ढाका स्थित गुलशन मॉडल स्कूल एंड कॉलेज मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने सुबह करीब 10:25 बजे मतदान किया। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद देश की राजनीतिक दिशा तय होने की संभावना है, इसलिए इस चुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

