BREAKING NEWS

logo

ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत,सड़क जाम


चतरा, 26 मार्च ।

चतरा–रांची मुख्य पथ (एनएच-99) पर सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा मोड़ में गुरुवार को एक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृत महिला की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के काशी महुआ गांव निवासी आशा देवी (पति–जीतन साव) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशा देवी सड़क पार कर रही थीं। तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने बगरा मोड़ पर एनएच-99 (रांची–डोभी वाया चतरा) को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। ग्रामीणों और परिजनों ने मृतका के शव के साथ सड़क पर प्रदर्शन करते हुए दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी और 5 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। घटना सुबह की है।

घटना की सूचना मिलने पर सिमरिया के अंचल अधिकारी (सीओ) गौरव कुमार और थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह मौके पर पहुंचकर नाराज लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक जाम जारी है। आक्रोशित लोगों के तेवर को देखते हुए यहां अतिरिक्त पुलिस बल को भी बुलाया गया है।