प्रेस वार्ता के दौरान मरांडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से निर्वाचन आयोग को पहले भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है। उनका कहना है कि 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं, जिससे बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान की आशंका बढ़ सकती है। उन्होंने राज्य पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर सकती है। मरांडी ने मांग की कि मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थलों पर केंद्रीय बलों की तैनाती तथा सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से संपन्न हो सके।

