जिले के चैनपुर आदिवासी टोला और चंद्री लातरसाई गांव में सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी हो समाज युवा महासभा, नेशनल आदिवासी रिवाइवल एसोसिएशन और सिंगी एंड सिंगी सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। आयोजकों ने बताया कि कई ग्रामीण इलाकों में जानकारी की कमी और बिचौलियों के कारण पात्र लोगों तक योजनाओं का पूरा लाभ नहीं पहुंच पाता। इसलिए लोगों को जागरूक करने और योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए यह अभियान चलाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गब्बर सिंह हेम्ब्रम ने कहा कि समाज को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पंचायत और प्रखंड स्तर की योजनाओं की जानकारी रखें, ग्रामसभा बैठकों में भाग लें और किसी भी अनियमितता के खिलाफ आवाज उठाएं।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता का सामूहिक संकल्प लिया गया। इसमें कई सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

