साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ इन दिनों अपनी स्टारकास्ट और बड़े बजट के कारण चर्चा में है। हाल ही में सोशल मीडिया पर यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज ने क्रिएटिव मतभेदों के चलते फिल्म छोड़ दी है। इन खबरों से फैंस के बीच हलचल बढ़ गई थी, खासकर इसलिए क्योंकि फिल्म पहले भी कास्टिंग विवादों को लेकर सुर्खियों में रही है। इससे पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली है। इसी बीच प्रकाश राज के फिल्म छोड़ने की चर्चा ने फिल्म को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया। हालांकि, अभिनेता प्रकाश राज ने इन सभी खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि फिल्म छोड़ने की खबरें बेबुनियाद हैं और उन्हें ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह फिल्म का हिस्सा हैं और शूटिंग से जुड़े हुए हैं। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही ‘स्पिरिट’ में प्रभास पहली बार अभिनेत्री तृप्ति डिमरी के साथ नजर आएंगे। फिल्म में विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। बड़े बजट और दमदार स्टारकास्ट के कारण यह फिल्म पहले से ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की रिलीज 5 मार्च को संभावित बताई जा रही है।

