सोनीपत, 09 फरवरी (हि.स.)। सोनीपत जिले के गन्नौर के खेड़ी गुज्जर स्थित पावन सिद्धपीठ तीर्थ सतकुंभा धाम में सात दिवसीय दिव्य सतकुंभा उत्सव का सोमवार से विधिवत शुभारंभ हुआ। उत्सव की शुरुआत पूजा-अर्चना, आरती और हवन के साथ हुई। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके उपरांत मातृशक्ति को कलश प्रदान कर भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ कराया गया। कलश यात्रा में श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मोहनलाल बडौली ने कहा कि सतकुंभा धाम सनातन संस्कृति का पवित्र केंद्र है और यहां की आध्यात्मिक चेतना समाज को धर्म, सेवा और शांति के मार्ग पर प्रेरित करती है। उन्होंने युवाओं से धर्म और सेवा से जुड़ने का आह्वान करते हुए भारतीय संस्कार अपनाने की अपील की। पीठाधीश्वर श्रीमहंत राजेश स्वरुप ने बताया कि सतकुंभा भारत के प्रमुख तीर्थों में विशेष स्थान रखता है और यह सप्तऋषियों की तपोभूमि रहा है। सात दिवसीय उत्सव का उद्देश्य जन-जन में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करना है। उत्सव के दौरान आचार्य अमन के नेतृत्व में कलाकारों ने तलवारबाजी, लाठी और चाबुक के करतब प्रस्तुत किए। हजारों श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए। रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ किया गया और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई।

