सारण: बिहार में सारण जिले के छपरा शहर के भगवान बाजार थाना
क्षेत्र अंतर्गत वीआईपी गली में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां
बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक के बाएं
जांघ में लगी है। आनन-फानन में घायल को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया
गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की
पहचान कोपा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी स्वर्गीय सुभाष पांडेय के
पुत्र अभिषेक कुमार पांडेय के रूप में हुई है।
सदर अस्पताल में
भर्ती अभिषेक के भाई और ललिता होटल के मैनेजर पंकज कुमार पांडेय ने बताया
कि वे दोनों भाई होटल में बैठे थे। इसी दौरान कोठेया निवासी रितिक सिंह और
नैनी निवासी सोनू सिंह वहां पहुंचे और अभिषेक को जबरन खींचकर गली में ले
जाने लगे। पंकज के अनुसार, जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो
हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी छीना-झपटी के दौरान अपराधियों ने
अभिषेक पर फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उसके बाएं जांघ में जा लगी, जिससे
वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने दो राउंड फायरिंग की आवाज सुनी जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सदर
अस्पताल के ड्यूटी पर तैनात डॉ. सुरेंद्र महतो ने बताया कि युवक के जांघ
पर जख्म के निशान गोली लगने की पुष्टि कर रहे हैं। हालांकि सटीक स्थिति और
शरीर के भीतर गोली की मौजूदगी का पता एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
फिलहाल घायल की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते
ही भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित का फर्द बयान
दर्ज कर आगे की कार्यवाई में जुट गई है।