यमुनानगर। जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव कोट मुस्तरका में रविवार रात एक कपड़ों के शोरूम के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब शोरूम मालिक अपने प्रतिष्ठान के बाहर मौजूद था। वहीं कुछ युवक आपस में ऊंची आवाज में बहस कर रहे थे। शोरूम मालिक द्वारा उन्हें हंगामा न करने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि एक युवक ने हथियार निकालकर अपने साथी को दिया, जिसके बाद शोरूम की ओर एक राउंड फायर कर दिया गया। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। शोरूम मालिक अंदर जाकर सुरक्षित हुआ। इसके बाद आरोपी शोरूम में घुस आए और एक कर्मचारी को धमकाते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

