शिमला: शिमला जिले के ठियोग में पुलिस गश्त के दौरान नशीले
पदार्थ से जुड़ा एक मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार यह मामला ठियोग
थाना क्षेत्र के तहत दर्ज किया गया है और पूरी कार्रवाई मौके पर मिली
संदिग्ध गतिविधि के आधार पर की गई। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के
मुताबिक शनिवार को पुलिस टीम ठियोग बाइपास रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक
युवक ठियोग कैफे की तरफ से प्रेमघाट की ओर आता हुआ दिखाई दिया। जैसे ही
उसने सामने पुलिस पार्टी को देखा, वह घबरा गया।
पुलिस के अनुसार
युवक ने अचानक अपनी जेब से एक पॉलिथीन लिफाफा निकाला और उसे सड़क पर फेंक
दिया। इसके बाद वह मुड़कर वापस ठियोग कैफे की ओर जाने लगा। युवक की
इस हरकत पर संदेह होने के कारण पुलिस टीम ने उसे रोक लिया और पूछताछ की।
युवक की पहचान ठियोग निवासी दीपक (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर
नियमानुसार जांच की, जिसमें फेंके गए पॉलिथीन लिफाफे से 4.780 ग्राम
चिट्टा (हेरोइन) बरामद होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने नशीले पदार्थ
को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को नियमानुसार
नोटिस देकर रिहा किया गया है और मामले की जांच जारी है। इस संबंध
में ठियोग थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और
आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।