BREAKING NEWS

logo

शिमला : चिट्टा तस्करी में युवती सहित पांच गिरफ्तार



शिमला:  शिमला ज़िले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस ने चिट्टा/हेरोइन से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। इन दोनों मामलों में युवती सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से चिट्टा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नकदी बरामद की गई है। पहला मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार रविवार शाम डिटेक्शन सेल उपमंडल रामपुर के हेड कांस्टेबल पियूष राज अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। 


इसी दौरान लुहरी-सुन्नी लिंक रोड पर बड़ू के पास एक युवक को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.77 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान शिमला जिला के ननखड़ी निवासी रितिक जिष्ठू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


दूसरा मामला शिमला शहर के बालूगंज थाना क्षेत्र से सामने आया है। पुलिस के मुताबिक रविवार रात को पुलिस चौकी जतोग की टीम टुटू क्षेत्र में गश्त और खुफिया जानकारी जुटा रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि टूटू के मज्याठ स्थित कमला निवास की पहली मंज़िल के कमरे नंबर-1 में चिट्टा/हेरोइन बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में छापा मारा। 


छापे के दौरान कमरे में चार लोग मौजूद पाए गए, जिनमें मोहित वर्मा (31 वर्ष) निवासी मज्याठ अमित सोनी (22 वर्ष), निवासी कंडाघाट, राकेश गर्ग (24 वर्ष) निवासी ममलीग और कुमारी सिमरन चड्ढा (28 वर्ष) निवासी न्यू टुटू पावर हाउस, शिमला शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10.53 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और 2512 रुपये नकद बरामद किए गए। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


इस मामले में थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।