नई
दिल्ली: पैकेज्ड एग्रो कमोडिटी के डिस्ट्रीब्यूशन का
काम करने वाली कंपनी सीकेके रिटेल मार्ट का 88.02 करोड़ रुपये का आईपीओ आज
सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च कर दिया गया। इस आईपीओ में 3 फरवरी तक बोली लगाई
जा सकती है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 4 फरवरी को शेयरों का अलॉटमेंट किया
जाएगा, जबकि 5 फरवरी को अलॉटेड शेयर डीमैट अकाउंट में क्रेडिट कर दिए
जाएंगे। कंपनी के शेयर 6 फरवरी को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो
सकते हैं।
इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 155 रुपये से लेकर 163
रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 800 शेयर
का है। सीकेके रिटेल मार्ट के इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स को दो लॉट
यानी 1,600 शेयरों के लिए बोली लगाना होगा, जिसके लिए उन्हें 2,60,800
रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल
54 लाख शेयर जारी हो रहे हैं। इनमें 67 करोड़ रुपये के 41,34,400 नए शेयर
और 16 करोड़ रुपये के 9,92,000 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये बेचे जा
रहे हैं।
इस आईपीओ में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी)
के लिए 50 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स
के लिए 35 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (एनआईआई) के
लिए 15 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है। इस इश्यू के लिए वनव्यू कॉरपोरेट
एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि
बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार बनाया गया है। वहीं
एसवीसीएम सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मार्केट मेकर है।
कंपनी
की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास
जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे
के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में
कंपनी को 4.51 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष
2023-24 में बढ़ कर 12.67 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024-25 में उछल कर
16.36 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही
यानी अप्रैल से 30 सितंबर 2025 तक कंपनी को 8.59 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ
हो चुका है।
इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी लगातार
बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2022-23 में इसे 109.93 करोड़ का कुल राजस्व
प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 233.35 करोड़ और वित्त वर्ष
2024-25 में उछल कर 301.85 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त
वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से 30 सितंबर 2025 तक कंपनी को 159.93
करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है।
इस अवधि में कंपनी के
कर्ज में भी लगातार कमी आई। वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में कंपनी पर सिर्फ
दो लाख रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2023-24 में पूरी तरह से खत्म हो
गया। फिलहाल कंपनी पर किसी भी तरह का कोई पुराना कर्ज नहीं है। कंपनी पूरी
तरह से कर्ज मुक्त हो चुकी है। इस अवधि में कंपनी के रिजर्व और
सरप्लस में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2022-23 में ये 6.02 करोड़ रुपये के
स्तर पर था, जो 2023-24 में बढ़ कर 18.69 करोड़ रुपये हो गया।
इसी तरह
2024-25 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 35.05 करोड़ रुपये के स्तर पर आ
गया। वहीं मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से 30 सितंबर 2025
तक ये 36.16 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह ईबीआईटीडीए
(अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन)
2022-23 में 6.12 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2023-24 में बढ़ कर 17.46
करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का ईबीआईटीडीए 22.60 करोड़
रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल
से 30 सितंबर 2025 तक ये 11.77 करोड़ रुपये के स्तर पर था।