BREAKING NEWS

logo

लाइसेंसी गन से एलआईसी एजेंट की आत्महत्या


सुपौल,  त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के बाजार स्थित वार्ड संख्या 5 में मंगलवार की शाम एक एलआईसी एजेंट ने अपने लाइसेंसी गन से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

मीरजावा पंचायत के लहरनियाँ वार्ड संख्या 3 निवासी 53 वर्षीय नवीन कुमार सिंह अपने वार्ड संख्या 5 स्थित आवास के एक कमरे में मौजूद थे। बताया जाता है कि उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर अपने लाइसेंसी गन से स्वयं को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य घबरा गए। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजन ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। नवीन कुमार सिंह मृत अवस्था में पड़े थे।

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विभाष कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान एवं थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक द्वारा अपने लाइसेंसी गन से आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना की गहराई से जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।इस दुखद घटना से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।