किशनगंज, 25 मार्च । जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
बुधवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि वर्तमान में जिले में 7487 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें पूर्व की भांति दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग कर सकेंगे। कालाबाजारी एवं जमाखोरी रोकने के लिए धावा दल द्वारा नियमित छापामारी भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 जारी किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस से संबंधित आज कुल दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समय पर निष्पादन कर दिया गया। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता न करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 7487 से अधिक सिलेंडर स्टॉक, आपूर्ति सामान्य
