तेज रफ्तार कार ने टोटो को मारी टक्कर, तीन मजदूर महिलाएं गंभीर रूप से घायल
छतरपुर (पलामू) : छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र के चेकनाका के पास मंगलवार को एक सड़क हादसे में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने सवारी टोटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टोटो पलट गया और उसमें सवार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों की पहचान सविता देवी (पति गिरवर सिंह), फुलमनिया देवी (पति कर्मवीर सिंह), दोनों निवासी सिलदाग, तथा सीता देवी (पति जयराम सिंह), निवासी पिंडराही के रूप में हुई है।
घायल महिलाओं ने बताया कि वे सभी दैनिक मजदूरी करने जपला रोड जा रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। इधर, लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही अंचल अधिकारी भी सड़क हादसे में घायल हो गए थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छतरपुर में, खासकर मंगलवार को जाम की समस्या अधिक रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
