हरिद्वार, 09 फ़रवरी (हि.स.)। डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज, मायापुर में बोर्ड और गृह परीक्षाओं में सम्मिलित विद्यार्थियों की सफलता की कामना के लिए वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ का संपादन वानप्रस्थ आश्रम, आर्य नगर, ज्वालापुर के स्वामी तेजस मुनि ने किया। स्वामी तेजस मुनि ने बताया कि यह यज्ञ विशेष रूप से कक्षा 10 और 12 के परीक्षार्थियों की सफलता तथा कक्षा 12 के छात्रों की विदाई के अवसर पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि यज्ञ से मानसिक एकाग्रता बढ़ती है और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। यज्ञ के बाद पंडित राजबल शर्मा वैदिक न्यास द्वारा आयोजित आर्य संस्कृति और साहित्य ज्ञान परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। कक्षा 8 की सिमरन सैनी ने प्रथम, कक्षा 7 की गोरी ने द्वितीय तथा कक्षा 8 की खुशी वर्मा और कक्षा 6 की आस्था ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः पांच, तीन और दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में वानप्रस्थ आश्रम और विद्यालय के शिक्षक, पदाधिकारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

