BREAKING NEWS

logo

नेपाल में सोशल मीडिया एल्गोरिदम लोकतंत्र के लिए खतरा: प्रचंड


काठमांडू, 09 फरवरी (हि.स.)। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने कहा है कि सोशल मीडिया एल्गोरिदम के जरिए जिस तरह का माहौल तैयार किया जा रहा है, वह देश के चुनाव और लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है।

सोमवार को काठमांडू में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रचंड ने कहा कि विश्व साम्राज्यवाद विभिन्न देशों में भू-राजनीतिक हस्तक्षेप के लिए सोशल मीडिया आधारित दिखावटी गतिविधियों का इस्तेमाल कर रहा है और नेपाल भी इससे अछूता नहीं है।

उन्होंने कहा कि विचारधारा, राजनीतिक सिद्धांत, इतिहास या विरासत के बिना कुछ लोग केवल सोशल मीडिया के सहारे लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चुनौती बन रहा है।

प्रचंड ने इन प्रवृत्तियों से निपटने के लिए नए संकल्प और गंभीर राजनीतिक पुनर्मूल्यांकन की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि भले ही वर्तमान दौर सूचना प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया से संचालित हो, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता से सीधा संवाद ही राजनीति का सबसे प्रभावी माध्यम बना हुआ है।