BREAKING NEWS

logo

पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में ओबीसी मंच ने सौंपा ज्ञापन


पूर्वी सिंहभूम, 09 फरवरी (हि.स.)। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में विरोध तेज हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को भारतीय ओबीसी विचार मंच, जमशेदपुर ने राष्ट्रपति महोदया के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संगठन ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए केंद्र और राज्य स्तर पर न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी करीब 31 साल पुराने मामले में की गई है, जो न्याय की भावना के विपरीत प्रतीत होती है। संगठन का आरोप है कि इतने पुराने मामले में अचानक गिरफ्तारी कई सवाल खड़े करती है और इससे एक जनप्रतिनिधि की छवि तथा उनके दायित्व प्रभावित होते हैं।

मंच ने पप्पू यादव को छह बार निर्वाचित सांसद बताते हुए उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय और संघर्षशील नेता बताया। ज्ञापन में कहा गया कि वे अपने क्षेत्र की जनता के अधिकारों और हितों के लिए लगातार आवाज उठाते रहे हैं तथा जमीनी स्तर पर सक्रिय रहे हैं।

संगठन ने राष्ट्रपति से पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर न्याय सुनिश्चित करने और पप्पू यादव को जल्द रिहा करने की मांग की है, ताकि वे अपने संसदीय क्षेत्र की जनता के बीच रहकर संवैधानिक कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। मंच का कहना है कि समय रहते हस्तक्षेप नहीं हुआ तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रश्न खड़े करेगा।