BREAKING NEWS

logo

सड़क हादसे में ओड़िशा के युवक की मौत


पश्चिम मेदिनीपुर, 17 मार्च । जिले के बेलदा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय सड़क संख्या 16 पर मंगलवार तड़के एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मृत्यु हो गई, जबकि उसके साथ सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का नाम शशांक शेखर महराना है। जबकि घायल युवक का नाम अशोक प्रधान बताया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को ओड़िशा के भुवनेश्वर से दो युवक मोटरसाइकिल पर कोलकाता के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार तड़के बेलदा थाना के शिशुतला इलाके में राष्ट्रीय सड़क संख्या 16 पर बाइक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। स्थानीय लोगों का प्रारंभिक अनुमान है कि सड़क पर निर्माण कार्य के कारण बने डिवाइडर से टकराने के कारण यह दुर्घटना हुई।

दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को तुरंत बेलदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद शशांक शेखर महराना को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का नाम अशोक प्रधान बताया गया है।

बताया गया है कि दोनों युवक भुवनेश्वर (ओड़िशा) के निवासी है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है और मृतक के परिवार को सूचना दी गई है। शव का पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेजा गया है।

हादसा सड़क पर निर्माण कार्य की सुरक्षा लापरवाही और नियंत्रण खोने का उदाहरण है, जिसने दो युवाओं के जीवन को अनमोल रूप से प्रभावित किया।