BREAKING NEWS

logo

पहले चरण के मतदान में तृणमूल ने शतक पार किया : अभिषेक बनर्जी


कोलकाता, 24 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में ही तृणमूल कांग्रेस 100 सीटों का आंकड़ा पार कर चुकी है और भाजपा खेमे में घबराहट का माहौल है।

हावड़ा के जगतबल्लभपुर में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद भाजपा के नेताओं में चिंता साफ दिखाई दे रही है।

पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग के अनुसार इन सीटों पर करीब 92.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य ही नहीं बल्कि देश के विधानसभा चुनावों में भी एक दुर्लभ आंकड़ा माना जा रहा है।

मतदान प्रतिशत को लेकर तृणमूल और भाजपा दोनों ही दल अपने-अपने पक्ष में परिणाम आने का दावा कर रहे हैं। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही कहा था कि उनकी पार्टी पहले चरण में 125 से कम सीटें नहीं जीतेगी। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि 152 सीटों में से कम से कम 110 सीटों पर भाजपा की जीत तय है।

दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि पहले चरण में ही पार्टी 125 के आसपास सीटें जीतने की स्थिति में है। इसी क्रम में अभिषेक बनर्जी ने अपने भाषण में कहा कि तृणमूल पहले चरण में ही शतक पार कर चुकी है।

उन्होंने अपने संबोधन में 2021 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र करते हुए कहा कि अधिक मतदान का लाभ पहले भी तृणमूल को मिला है और इस बार भी जनता का समर्थन पार्टी के साथ है।