BREAKING NEWS

logo

दक्षिण बंगाल में दिन में गायब सर्दी, सुबह और रात हल्की ठंड का एहसास



कोलकाता:  कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। हालांकि, दिन में सर्दी लगभग गायब रहेगी, जबकि तड़के सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को जारी बयान के अनुसार, उत्तर बंगाल के चार जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण बंगाल में अगले पांच से सात दिनों के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।



बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण चौबीस परगना में कोहरे की संभावना जताई गई है। पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में घना कोहरा पड़ सकता है। इसके अलावा अन्य जिलों के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है।


सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.1 सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल में अब और अधिक सर्दी पड़ने वाली नहीं है। धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी ही होगी और फरवरी महीने के मध्य तक मौसम सामान्य हो जाएगा।