तेल
अवीव (इजराइल): इजराइली सुरक्षा बलों (आईडीएफ) ने
दुर्दांत आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह के आतंकवादी अली दाऊद अमिच को मार
गिराने का दावा किया है। आईडीएफ ने एक्स पर सूचना करते हुए कहा कि अमिच
रविवार को उसके हमले में मारा गया। आईडीएफ की एक्स पोस्ट के अनुसार,
हिजबुल्लाह के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट का डिवीजन हेड अली दाऊद अमिच
दक्षिणी लेबनान के अल-द्वेयर इलाके में समूह के आतंकी ढांचे को फिर से खड़ा
करने की कोशिशों में लगा हुआ था। वह आईडीएफ के जवानों के खिलाफ आतंकी
हमलों में भी शामिल था। वह इजराइल और लेबनान के बीच हुई समझौते का उल्लंघन
भी कर रहा था।
आईडीएफ के अनुसार, रविवार को हमलाकर अमिच को मौत के घाट उतार
दिया गया। उल्लेखनीय है कि हिजबुल्लाह लेबनान स्थित शिया मुस्लिम
राजनीतिक दल और शक्तिशाली सशस्त्र संगठन है। इसकी स्थापना 1980 के दशक में
लेबनानी गृहयुद्ध के दौरान हुई थी। इसे ईरान से भारी वित्तीय सहायता,
आधुनिक हथियार और प्रशिक्षण मिलता है। अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और खाड़ी
सहयोग परिषद सहित कई देशों ने इसे आतंकवादी संगठन घोषित किया है। अनुमान
है कि इसके पास वर्तमान में 25,000 रॉकेट और मिसाइलों का भंडार है। समूह
में लगभग 40,000 से 50,000 सक्रिय लड़ाके और इतनी ही संख्या में रिजर्व बल
है।

