BREAKING NEWS

logo

एससीबी मेडिकल में सुरक्षा मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, गतिरोध दूर करने को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई


भुवनेश्वर, 19 मार्च । कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हालिया अग्निकांड और मरीजों की सुरक्षा को लेकर ओडिशा विधानसभा में गुरुवार को भी जोरदार हंगामा देखने को मिला। विरोधी दलों के विधायकों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी।

सुबह निर्धारित समय 10:30 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी प्रश्नकाल प्रारंभ करना चाहती थीं और मंत्री मुकेश महालिंग ने बोलना शुरू किया, लेकिन इसी दौरान विपक्षी विधायकों ने एससीबी मेडिकल में हुई घटना को लेकर जोरदार विरोध शुरू कर दिया। वे सदन के बीच में आकर नारेबाजी करने लगे।

अध्यक्ष ने हंगामे के बीच प्रश्नकाल जारी रखने का प्रयास करते हुए विपक्षी सदस्यों से अपनी-अपनी सीटों पर लौटकर सदन की कार्यवाही में सहयोग करने का आग्रह किया, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा। अंततः उन्हें सदन की कार्यवाही 11:30 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

शून्यकाल के दौरान भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और विपक्षी विधायकों ने फिर से नारेबाजी शुरू कर दी। बीजद और कांग्रेस के विधायकों ने सदन के बीच में आकर तीखा विरोध प्रदर्शन किया। कुछ समय तक हंगामे के बीच ही शून्यकाल की कार्यवाही चलती रही।

विपक्ष ने अग्निकांड मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की और चेतावनी दी कि जब तक इस्तीफा नहीं दिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। इस दौरान “हरि नाम सत्य है, राम नाम सत्य है” जैसे नारे भी लगाए गए।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब बीजद और कांग्रेस के कुछ विधायक अध्यक्ष के पोडियम की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों और विधायकों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।

सदन में लगातार गतिरोध को देखते हुए अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कार्यवाही को दोपहर 1 बजे तक स्थगित कर दिया और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की घोषणा की।