भुवनेश्वर, 17 मार्च। कटक स्थित एससीबी मेडिकल कालेज व अस्पताल में आग लगने की घटना काे लेकर विपक्षी दलों के सदस्याें ने
मंगलवार काे विधानसभा में जमकर हंगामा किया। विपक्षी सदस्य हंगामा व नारेबाजी कर राज्य के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डाॅ मुकेश
महालिंग के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। विपक्षी सदस्याें के हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही बाधित हुई।
मंगलवार काे सदन की कार्यवाही निर्धारित 10. 30 बजे शुरु हुई तथा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढी ने प्रश्नकाल कार्यक्रम शुरु किया। प्रश्नकाल शुरु होते ही बीजद और कांग्रेस के सदस्याें ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विपक्षी सदस्य सदन के मध्य में पहुंच गए, सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। विपक्षी सदस्य इस मामले में राज्य के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डाॅ मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान विपक्षी सदस्याें ने अस्पताल हादसे से संबंधित नारे लिखे तख्तियां भी प्रदर्शित कीं।
इस पर विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढी ने कई बार हंगामा कर सदस्याें काे अपनी सीटों पर लौटने और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देने की अपील की, लेकिन विरोध कर रहे विधायकों पर किसी प्रकार का असर नहीं पडा। हंगामा जारी रहने पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इस कारण आज प्रश्नकाल व शून्यकाल का कार्यक्रम नहीं हो सका ।
अस्पताल अग्निकांड काे लेकर ओडिशा विधानसभा में विपक्ष का हंगामा, कार्यवाही बाधित
