BREAKING NEWS

logo

जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल में युवक ने चौथी मंजिल से कूदकर दी जान


पूर्वी सिंहभूम, 20 मार्च  । जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (एमजीएम) अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक युवक ने अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मरीजों व उनके परिजनों के बीच दहशत फैल गई।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय अरशद आलम के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से अस्पताल के मेडिसिन विभाग में भर्ती था और वार्ड पार्ट-1 के बेड नंबर 419 पर उसका इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार, अरशद नशे का आदी था और इसी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, अरशद ने अपनी मां से शौच जाने की बात कही और बेड से उठकर बाहर चला गया। कुछ ही देर बाद जोरदार आवाज सुनाई दी। शोर सुनकर उसकी मां और अस्पताल कर्मी मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह नीचे गिरा पड़ा है और गंभीर रूप से घायल है।

घटना के तुरंत बाद उसे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद लोगों में डर और चिंता फैल गई।

सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह जांच का विषय है कि एक मरीज इतनी आसानी से चौथी मंजिल तक पहुंचकर इस तरह का कदम कैसे उठा सका। अस्पताल प्रबंधन से भी घटना के समय की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जानकारी ली जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।