BREAKING NEWS

logo

रांची में महाशिवरात्रि पर रहेंगे सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 1500 अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती


रांची,   झारखंड की राजधानी रांची में महाशिवरात्रि को लेकर पहाड़ी मंदिर, सुरेश्वर धाम और अन्य शिवालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर जिले में 1500 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने शुक्रवार को बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के सभी मंदिरों में विशेष सुरक्षा उपाय किए गए हैं। महाशिवरात्रि के दिन, 15 फरवरी को शहर की यातायात व्यवस्था में भी विशेष बदलाव किए जाएंगे। सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

इन्द्रपुरी शिव मंदिर से रातू रोड के मुख्य द्वार से शिव बारात निकलेगी, जो मेट्रो गली होते हुए रानी सती मंदिर, पहाड़ी मंदिर, जेजे रोड और शहीद चौक से होकर आरआर स्पोर्टिंग दुर्गा पूजा समिति के प्रांगण पहुंचेगी, जहां बारात का स्वागत किया जाएगा।

ट्रैफिक में प्रमुख बदलाव और रोक

पुलिस के अनुसार, शिव बारात के मार्ग में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग, दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर तथा मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा सुखदेवनगर जाने वाली गली और बालाजी मंदिर के पास अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे।

शहर के पिस्का मोड़ से नगर क्षेत्र की ओर भारी वाहन, मालवाहक और सिटी राइड बसों का परिचालन भी बंद रहेगा। जुलूस के दौरान पिस्का मोड़ के बाद सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। मेट्रो गली से न्यू मार्केट और हरमू रोड की ओर जाने वाले वाहन जुलूस के यू-टर्न के बाद ही रातू रोड–न्यू मार्केट चौक से जा सकेंगे।

पुलिस ने बताया कि यह उपाय महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए किए गए हैं।