BREAKING NEWS

logo

हत्या के आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम


पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र में कन्हैया यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद गुरुवार को शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोलमुरी-टिनप्लेट मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग मुख्य मार्ग पर जुट गए, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान आम लोगों और कार्यालय जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

परिजनों ने मुख्य आरोपित बिल्ला पाठक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया।

सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस और अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह गोलमुरी थाना के समीप अपराधियों ने कन्हैया यादव को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।