BREAKING NEWS

logo

सजा भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंग प्रतिरूप, उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़


पूर्वी सिंहभूम । महाशिवरात्रि को लेकर शहर में आध्यात्मिक माहौल बनना शुरू हो गया है। इस पर्व को देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है, खासकर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होता है। इसी कड़ी में जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित ब्रह्मकुमारीज संस्था की ओर से भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के प्रतिरूप स्थापित किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

महाशिवरात्रि की तैयारियों को लेकर शहर के मंदिरों और शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। बिष्टुपुर में स्थापित इन ज्योतिर्लिंग प्रतिरूपों के दर्शन के लिए शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्तिमय वातावरण में भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा भी स्थापित की गई है, जहां नियमित रूप से पूजा, आरती और प्रसाद वितरण किया जा रहा है।

यहां स्थापित ज्योतिर्लिंगों में काशी विश्वनाथ, त्र्यंबकेश्वर, वैद्यनाथ धाम, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, रामेश्वरम, महाकालेश्वर, घृष्णेश्वर, सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, ओंकारेश्वर, केदारनाथ और भीमाशंकर के स्वरूप शामिल हैं। इन सभी को क्रमबद्ध और आकर्षक रूप से सजाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सभी ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

संस्था की सदस्य प्रिया देवी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को आस्था से जोड़ना और नई पीढ़ी को 12 ज्योतिर्लिंगों के महत्व से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में स्थित इन पवित्र स्थलों तक हर कोई नहीं पहुंच पाता, ऐसे में इस प्रकार का आयोजन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करता है।