पूर्वी सिंहभूम, 24 मार्च। शहर में सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी।
पहली घटना बर्मामाइंस के मिल एंड गोदाम क्षेत्र में हुई, जहां तड़के करीब 4 बजे इम्तियाज़ खान के लकड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। गोदाम में तैनात गार्ड ने समय रहते धुआं और लपटें देख लीं और तुरंत मालिक को सूचना दी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
सूचना मिलते ही गोदाम से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। हालात की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग को बुलाया गया। कुछ ही देर में टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की टीमें पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग मुख्य रूप से लकड़ी तक ही सीमित रही, जिससे मशीनें सुरक्षित बच गईं। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
वहीं दूसरी घटना मानगो थाना क्षेत्र के रोड नंबर-2 स्थित गांधी मैदान के बाहर सोमवार देर रात हुई, जहां फुटपाथ पर लगी एक सब्जी दुकान में अचानक आग लग गई। यह दुकान मधु नामक युवक की बताई जा रही है, जो रोजाना यहां सब्जी बेचकर अपना गुजारा करता है। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई। दुकान में रखी सब्जियां और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
घटना की सूचना पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस इलाके में पहले भी फुटपाथ दुकानदारों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं, जिसके चलते इस घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

