पश्चिमी सिंहभूम, 20 मार्च ।पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की मौजूदगी में जिला स्तरीय अनुकंपा,अनुग्रह अनुदान (उग्रवादी हिंसा) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उग्रवादी हिंसा से प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान करने से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में उग्रवादी हिंसा से प्रभावित 7 व्यक्तियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति और अनुग्रह अनुदान का लाभ दिया गया है।
इस बैठक में समिति के समक्ष 4 नए मामले प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 3 मामले अनुकंपा नियुक्ति और अनुग्रह अनुदान से संबंधित थे, जबकि 1 मामला केवल अनुग्रह अनुदान से जुड़ा था। वरीय अधिकारियों ने सभी आवेदनों के दस्तावेजों की क्रमवार जांच कर आगे की कार्रवाई के लिए अनुशंसा की।
बैठक के बाद बताया गया कि पूर्व के 10 और वर्तमान में प्रस्तुत 4 मामलों को मिलाकर कुल 14 मामलों की निर्धारित मानकों के आधार पर जांच की गई। इनमें से 10 आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जल्द से जल्द सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके अलावा उग्रवादी हिंसा से जुड़े 24 नए मामलों के संबंध में भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर शिविर आयोजित कर दस्तावेजों का संकलन पूरा करने और मामलों को समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर उपायुक्त प्रवीण केरकट्टा, सामान्य शाखा प्रभारी देवेंद्र कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, स्थापना शाखा प्रभारी कुमार हर्ष, गोईलकेरा अंचलाधिकारी विवेक कुमार, बंदगांव अंचलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने की उग्रवादी हिंसा पीड़ितों की समीक्षा, 14 मामलों पर हुई जांच
