BREAKING NEWS

logo

अंबिकापुर अग्निकांड पर सियासत तेज, कांग्रेस की एफआईआर व मुआवजे की मांग, अवैध पटाखा भंडारण पर उठे सवाल


अंबिकापुर, 25 अप्रैल । सरगुजा जिले के अंबिकापुर में मुकेश प्लास्टिक व पटाखा दुकान में हुई भीषण आगजनी के बाद अब सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस मामले में संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में आज शनिवार काे एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि, 23 अप्रैल को शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित मुकेश प्लास्टिक और पटाखा दुकान में लगी आग ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया।

कांग्रेस का आरोप है कि संकरी गली में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया था, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैली और आसपास के कई घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

कांग्रेस ने मांग की है कि इस मामले में तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर दोषी संचालकों की गिरफ्तारी की जाए। साथ ही शहर में मौजूद ऐसे अन्य खतरनाक गोदामों की पहचान कर उन्हें आबादी से दूर स्थानांतरित करने की बात भी कही गई है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग रखी कि विशेषज्ञों की टीम गठित कर आगजनी से प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन किया जाए और समयबद्ध तरीके से मुआवजा दिलाया जाए।

मंत्री के बयान पर आपत्ति

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मंत्री राजेश अग्रवाल के बयान पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए, लेकिन इस मामले में ऐसा नजर नहीं आ रहा है। उल्लेखनीय है कि, मंत्री राजेश अग्रवाल ने घटना के दौरान कहा था कि यदि गोदाम में पटाखे होते तो पूरा इलाका उड़ जाता।

प्रभावित परिवारों की स्थिति

इस आगजनी में कम से कम पांच घरों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें प्रमोद पांडेय, प्रताप पांडेय, प्रफुल्ल पांडेय, उमैद दराज अली और हैदर शब्बीर के घर शामिल हैं। आग लगने के 48 घंटे बाद भी गोदाम के भीतर से धुआं और लपटें निकल रही हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से दोनों गलियों के लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।

आग लगने की वजह और जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लिफ्ट में गैस वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की, जिसके बाद सिलेंडरों में ब्लास्ट होने से आग बेकाबू हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने विशेष जांच टीम गठित की है। वहीं नगर निगम द्वारा भी पक्ष और विपक्ष के पार्षदों की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की गई है।

दमकल संसाधनों की मांग

कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में शहर की बढ़ती आबादी और संकरी गलियों को देखते हुए दमकल विभाग को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।