वाराणसी: विश्व आर्द्र भूमि दिवस पर सोमवार को उत्तर प्रदेश की
धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर
नदियों के संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में नदियों से
जुड़े जीव जंतुओं के चित्र, गंगा सहित माता की तरह हितकारिणी नदियों एवं
जल स्रोतों की स्वच्छता का स्लोगन लिखी तख्तियां भी लहराई गई। इस दौरान
द्वार पर मौजूद लोगों को आर्द्र भूमि के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
अभियान के नेतृत्वकर्ता गंगा सेवक नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड
एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि नदियां और उनसे जुड़ी आर्द्रभूमियां हमारे
साझा भविष्य के लिए जीवनदायिनी हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए हमें तत्काल
साहसिक कदम उठाने होंगे। हमें जल प्रदूषण रोकना होगा, जैव विविधता को बचाना
होगा और नदियों को सूखने से बचाने के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ानी होगी।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।
उन्होंने
कहा कि नदियों का स्वास्थ्य ही हमारे जल, पर्यावरण और आजीविका का आधार है
और इनके बिना हमारा भविष्य सुरक्षित नहीं है। नदियों और आर्द्रभूमियों को
बचाना हम सभी के लिए ज़रूरी है ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इनसे लाभान्वित
हो सकें। जागरुकता अभियान में सतीश सोमानी, राहुल राय, अवंतिका शर्मा,
शिवानी जायसवाल आदि ने भागीदारी की।