कोलकाता: केंद्रीय रेल मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24
परगना और नदिया जिलों में रेल संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से चार नई
रेल लाइन परियोजनाओं को पुनः सक्रिय किया है। शनिवार सुबह रेलवे की ओर से
विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी गई कि इन परियोजनाओं में
बनगांव–पोरामहेशतला, बनगांव–चंदाबाजार, चंदाबाजार–बगदह और राणाघाट
(आरंगहाटा)–दत्ताफुलिया नई रेल लाइन शामिल हैं। इनका लक्ष्य क्षेत्रीय
सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देना है।
रणनीतिक दृष्टि से ये रेल
परियोजनाएं भारत-बांग्लादेश सीमा के निकट संपर्क को सुदृढ़ करेंगी, जिससे
राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। साथ ही, पेट्रापोल लैंड पोर्ट से
जुड़े व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और कृषि उत्पादों का परिवहन तेज व सस्ता
होगा। इससे स्थानीय किसानों, व्यापारियों और छोटे उद्यमियों को प्रत्यक्ष
लाभ मिलने की उम्मीद है। बनगांव–चंदाबाजार (11.5 किमी) और
बनगांव–पोरामहेशतला (20 किमी) नई लाइनें बनगांव क्षेत्र को आसपास के
ग्रामीण इलाकों और कल्याणी दिशा से जोड़ेंगी।
इन परियोजनाओं के तहत
बड़े-छोटे पुलों के निर्माण के साथ-साथ नए प्लेटफॉर्म, शेड, फुट ओवर ब्रिज,
टिकट काउंटर और स्टेशन भवन बनाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को आधुनिक
सुविधाएं मिलेंगी। चंदाबाजार–बगदह (13.8 किमी) नई रेल लाइन कृषि
प्रधान सीमावर्ती क्षेत्र को राज्य राजमार्ग के समानांतर जोड़ते हुए रेल
नेटवर्क में शामिल करेगी। यहां तेज गति की ईएमयू सेवाओं की शुरुआत से
व्यापार, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी, जिससे
ग्रामीण क्षेत्रों का जीवन स्तर सुधरेगा।
