BREAKING NEWS

logo

मप्र के उज्जैन में महाकाल विवाह के बाद शुरू हुआ रिसेप्शन का दौर


 हरसिद्धि घाट पर 56 भोग अर्पित, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

उज्जैन
,   मध्य प्रदेश के उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में महाशिवरात्रि पर भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के बाद शहर में रिसेप्शन का दौर शुरू हो गया है।

बुधवार की रात महाकाल शयन आरती युवा परिवार ने हरसिद्धि मंदिर के पीछे नर्सिंग घाट पर भंडारे का आयोजन किया। इस अवसर पर भगवान को 56 प्रकार का भोग अर्पित किया गया, जिसे बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया।

गौरतलब है कि मंगलवार की रात ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर का चन्द्र दर्शन श्री शिव पंचानन पंच मुखौटा दर्शन श्रृंगार किया गया। इसी के साथ महाकाल मंदिर में चल रहे महाशिवरात्रि उत्सव का समापन हुआ। महाशिवरात्रि पर्व के बाद उज्जैन में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह से जुड़ी परंपराएं श्रद्धा और उल्लास के साथ निभाई जा रही हैं।

इसी क्रम में बुधवार की रात भव्य भंडारा आयोजित किया गया। यह आयोजन प्रतीकात्मक रूप से बाबा के रिसेप्शन के रूप में प्रस्तुत किया गया। रिसेप्शन स्थल पर विशाल आदियोगी और बालाजी की मूर्तियां तथा आकर्षक सेटअप लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

इसी बीच बाबा की शादी की पत्रिकाएं भी बांटी गई। श्री महाकाल शयन आरती युवा शक्ति परिवार द्वारा एक मार्च को भंडारे के रूप में एक और भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा भाव का भी प्रतीक है, जिसमें हर वर्ग के लोग एक साथ प्रसाद ग्रहण करेंगे।