logo

28 फरवरी से भाजपा शुरू करेगी जन आशीर्वाद यात्रा, राज्यसभा की तीनों सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी : मुख्यमंत्री


गुवाहाटी,  असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने घोषणा की कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 28 फरवरी से राज्यभर में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ की शुरुआत करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यसभा की तीनों सीटों पर भाजपा अपने प्रत्याशी उतारेगी।

राज्य भाजपा मुख्यालय में पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति की कोर बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दो सीटों पर भाजपा सीधे तौर पर चुनाव लड़ेगी। तीसरी सीट को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष की रणनीति पर नजर रखते हुए पार्टी अपनी आगे की योजना तैयार करेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में बीपीएफ दल ने किसी भी सीट की मांग नहीं की है। बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें संगठनात्मक और चुनावी रणनीति से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए।

डॉ. सरमा ने विश्वास जताया कि जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से भाजपा राज्य में जनसंपर्क को और मजबूत करेगी तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए व्यापक समर्थन जुटाएगी।