BREAKING NEWS

logo

तीन पशु तस्कर गिरफ्तार,दो पिकअप वैन जब्त, 22 मवेशी बरामद


पलामू: जिले के पाटन थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वैन को जब्त किया है। इस दौरान कुल 22 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया गया। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात गश्ती दल को गुप्त सूचना मिली थी कि सगुना की ओर से दो पिकअप वाहनों में गोवंशीय पशुओं को अवैध तरीके से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पाटन-डालटनगंज मुख्य सड़क पर केलहर के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
करीब 2:45 बजे एक पिकअप वैन को रोककर जांच की गई, जिसमें 13 भैंसों को ठूंस-ठूंस कर लादा गया था। पूछताछ में चालक ने बताया कि एक अन्य पिकअप वाहन भी पीछे आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने दूसरे वाहन को भी पकड़ लिया। जांच में उसमें एक बैल और आठ गाय समेत कुल 9 गोवंशीय पशु पाए गए।
पुलिस पूछताछ में वाहन चालकों और मवेशी मालिकों ने स्वीकार किया कि पशुओं को अवैध व्यापार और तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इसके बाद दोनों वाहनों और सभी पशुओं को जब्त कर थाना लाया गया।
इस मामले में पाटन थाना कांड संख्या 79/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सदपुर निवासी महताब अंसारी, आरिफ अंसारी तथा गहेंथा निवासी गुडडू अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।