आदित्य साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
रांची, झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक, विधि प्रकोष्ठ के संयोजक सुधीर श्रीवास्तव और चंद्रप्रकाश शामिल थे।
आदित्य साहू ने ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में कहा कि पार्टी ने राज्य में ध्वस्त कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की मांग की है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, मतपेटी स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है, क्योंकि सत्ताधारी गठबंधन और राज्य सरकार उन्हें संरक्षण प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और अहंकार में लिप्त है और संवैधानिक व्यवस्था की अनदेखी कर रही है।
आदित्य साहू ने राज्य में कानून व्यवस्था की गंभीर स्थिति के उदाहरण भी पेश किए, जिनमें बच्चों की चोरी, रांची सिविल कोर्ट और उपायुक्त कार्यालय को धमकी भरे मेल, जमशेदपुर में गोलीकांड, चुटिया रांची में महिला टीटी पर हमला, रांची में शराब पीकर लोगों को वाहन से रौंदना और रामगढ़ में फायरिंग जैसी घटनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्थिति को देखते हुए 23 फरवरी को होने वाले निकाय चुनाव निष्पक्ष रूप से होने पर संदेह है और राज्य सरकार को चुनाव के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की सख्त आवश्यकता है।
निकाय चुनाव में हो केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती : आदित्य साहू
