रामनवमी जुलूस के दौरान बजेगा डीजे : मंगल सिंह, जेनरल अध्यक्ष
रामनवमी जुलूस के दौरान बजेगा डीजे : मंगल सिंह, जेनरल अध्यक्ष
जिला प्रशासन के रोक के बावजूद भी रामनवमी में डीजे बजाने का एलान, प्रशासन व रामनवमी कमेटी आमने सामने
*संजय सिंह*
मेदिनीनगर : श्री महावीर नवयुवक दल (जेनरल) की एक विशेष बैठक अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह (मंगल सिंह) की अध्यक्षता में श्री राम जानकी मंदिर, भारत माता विवाह मंडप परिसर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारी एवं संरक्षकगण उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी रामनवमी महापर्व के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव एवं विचार रखे।संरक्षक गणेश गिरी ने कहा कि माननीय अध्यक्ष को सभी सदस्य चंदा संग्रह में पूर्ण सहयोग देंगे। वहीं संरक्षक दुर्गा जौहरी ने सभी संगठनों के अध्यक्षों के साथ शीघ्र एक आम सभा आयोजित करने का सुझाव दिया। संरक्षक बबलू गुप्ता ने सभी से एकजुट होकर अध्यक्ष का समर्थन करने की अपील की, ताकि उनका मनोबल बना रहे। संरक्षक प्रदीप सिन्हा ने कहा कि हम सभी श्रीराम के कार्य में लगे हैं, इसलिए जुलूस (गोल) के दौरान झंडा उठाने पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।महामंत्री मनोहर कुमार (लाली) ने कहा कि अधिक से अधिक लाइसेंस निर्गत कराना जरूरी है, क्योंकि हर वर्ष इसमें गिरावट देखी जा रही है। उपाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को प्रत्येक दिन जुलूस में उपस्थित रहना चाहिए तथा सभी झंडों पर “जेनरल” अंकित होना चाहिए, ताकि एक भी झंडा पीछे न छूटे। उपाध्यक्ष सुरेश कुमार टॉम ने भी सभी की पांचों दिन उपस्थिति को अनिवार्य बताया।
उत्तम सिंह एवं पिंकू मिश्रा ने कहा कि शाहपुर मिलन के दौरान अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अंत में अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह (मंगल सिंह) ने कहा कि सभी पदाधिकारियों की पांचों दिन उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान डीजे भी बजेगा और पूरे उत्साह के साथ आयोजन किया जाएगा, ताकि हिंदुत्व का ध्वज बुलंद रहे। इसके लिए सभी का एकजुट होना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी रथ या अखाड़ा दल को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बैठक में श्री महावीर नवयुवक दल जेनरल के सभी संरक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित थे ।
उक्त बैठक की जानकारी रामनवमी कमेटी के मीडिया प्रभारी अभिषेक राज ने बयान जारी कर दिया है।
