रांची। नामकुम की हाईटेंशन कॉलोनी में चोरों के हौसले इतने बुलंद दिखे कि उन्होंने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर कृष्ण कांत चौधरी के घर में दाखिल हुआ. सबसे पहले उसने वहां रखा गैस से भरा हुआ सिलेंडर उठाया और फरार हो गया. हैरानी तो तब हुई जब वह चोर चंद मिनटों बाद दोबारा उसी घर में वापस लौटा. इस बार उसने उसी मकान में रह रहे किराएदार के खाली सिलेंडर पर हाथ साफ किया और उसे लेकर भी फरार हो गया. पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बेखौफ होकर चोर एक ही घर को दो बार निशाना बनाता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि इलाके में जिस तरह से रसोई गैस की किल्लत और कीमतें बढ़ रही हैं, शायद यही वजह है कि चोर अब घरेलू गैस सिलेंडरों को आसान और कीमती शिकार मान रहे हैं.

