BREAKING NEWS

logo

रांची में दो सगी बहनें संदिग्ध हालात में लापता, पुलिस ने तेज की तलाश


राजधानी रांची में बच्चों के लापता होने के मामलों के बीच एक और घटना सामने आई है। रातू थाना क्षेत्र के गोकुलधाम चटकपुर मिलन चौक से 8 फरवरी को दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। लापता बच्चियों की उम्र क्रमशः 16 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें 8 फरवरी को दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजन चिंतित हो गए। परिवार के सदस्यों ने पहले आसपास और दुकान पर खोजबीन की, फिर रिश्तेदारों व परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद बच्चियों के पिता सुजीत शर्मा ने रातू थाना में दोनों बेटियों की गुमशुदगी को लेकर लिखित आवेदन दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां अक्टूबर 2025 में बिहार के जहानाबाद स्थित ननिहाल से रांची आई थीं। छोटी बच्ची कक्षा पांच में पढ़ती है, जबकि बड़ी बच्ची ने 2025 में मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

दोनों बच्चियों के एक साथ लापता होने से परिवार में भय और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

रातू थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने बच्चियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है और जल्द ठोस जानकारी मिलने की उम्मीद है।