तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु में चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्म होता जा रहा
है। इसी क्रम में सोमवार को तिरुचिरापल्ली जिले के सिरुगनूर में द्रविड़
मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के पदाधिकारियों का राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित
किया जा रहा है। इस सम्मेलन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की
रणनीति और चुनावी घोषणाओं के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
“मुथुवेल
करुणानिधि स्टालिन जारी रहें, तमिलनाडु विजयी हो” (मु. के. स्टालिन
थोडाराट्टम, तमिलनाडु वेल्लट्टम) शीर्षक के साथ आयोजित यह सम्मेलन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दोपहर 3 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री एम.के.
स्टालिन शाम करीब 5:30 बजे सम्मेलन स्थल पहुंचेंगे और 110 फीट ऊंचे ध्वज
स्तंभ पर द्रमुक का झंडा फहराकर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री
के मंच तक पहुंचने के लिए करीब आधा किलोमीटर लंबा विशेष ‘रैंप’ मार्ग
बनाया गया है। इसी मार्ग से गुजरते हुए वे कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार
करते हुए मंच तक पहुंचेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता द्रमुक युवा विंग के
सचिव और राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयनीधि स्टालिन करेंगे, जबकि मंत्री
के.एन. नेहरू स्वागत भाषण देंगे। इसके बाद पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अपने
विचार रखेंगे और विभिन्न प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। अंत में मुख्यमंत्री
स्टालिन मुख्य संबोधन देंगे।
वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान
भी द्रमुक का राज्य सम्मेलन तिरुचिरापल्ली के सिरुगनूर में ही आयोजित हुआ
था। उस सम्मेलन में मुख्यमंत्री स्टालिन ने महिलाओं के लिए प्रति माह 1,000
रुपये की अधिकार सहायता राशि सहित सात प्रमुख चुनावी वादों की घोषणा की
थी।
ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार भी सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री कुछ अहम घोषणाएं और चुनावी वादे कर सकते हैं।
मंत्री
के.एन. नेहरू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह सम्मेलन नए ऐलानों के
साथ ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने संकेत दिया कि द्रमुक के चुनावी घोषणा
पत्र से जुड़ी कुछ घोषणाएं मुख्यमंत्री आज ही कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री
एम.के. स्टालिन ने पहले ही कहा था कि इस सम्मेलन में करीब 10 लाख
पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए लगभग 650 एकड़ क्षेत्र में
विशाल सम्मेलन स्थल तैयार किया गया है। करीब 50,000 वाहनों की पार्किंग
व्यवस्था की गई है।
भीड़ के सुचारु आवागमन के लिए 9 प्रवेश द्वार
बनाए गए हैं। इसके अलावा अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन के साथ विशाल मंच, 110
फीट ऊंचा झंडा स्तंभ और सभी प्रतिभागियों के लिए शाकाहारी व मांसाहारी
भोजन, बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी और नाश्ते की सुविधाएं भी उपलब्ध
कराई गई हैं।
द्रमुक के अनुसार, सम्मेलन के लिए बेहद भव्य और व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उल्लेखनीय
है कि तमिलनाडु में जल्द ही मुख्य चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की
तारीखों की घोषणा की जा सकती है। इस चुनाव में द्रमुक और अन्नाद्रमुक
गठबंधन के दल मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि नाम तमिलर कच्ची
अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है। वहीं तमिलगा वेत्त्री कज़गम (तवेक)
का रुख अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार,
द्रमुक और अन्नाद्रमुक के गठबंधन लगभग तय माने जा रहे हैं। सत्तारूढ़
द्रमुक फिलहाल चुनावी दौड़ में आगे मानी जा रही है और सहयोगी दलों के साथ
सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में द्रमुक का राज्य सम्मेलन, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन करेंगे संबोधन
