BREAKING NEWS

logo

वायु सेना के लिए फ्रांस से 114 राफेल जेट खरीदने को केंद्र सरकार की मंजूरी


नई दिल्ली, 12 फरवरी (एजेंसी)। केंद्र सरकार ने भारतीय वायु सेना की ताकत बढ़ाने के लिए फ्रांस से 114 राफेल फाइटर जेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की बैठक में इस सौदे को आवश्यकता की स्वीकृति (AON) मिली, जिसके बाद अब व्यावसायिक वार्ता शुरू होगी। अंतिम मंजूरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) देगी।

इस सौदे के तहत 18 राफेल विमान सीधे फ्रांस की डसॉल्ट एविएशन कंपनी से तैयार होकर भारत आएंगे, जबकि शेष 96 जेट भारत में निजी कंपनियों के साथ साझेदारी में ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत बनाए जाएंगे। इनमें कुछ ट्विन-सीटर ट्रेनिंग वर्जन भी शामिल होंगे। इस समझौते में 40-50 प्रतिशत तक स्वदेशी हथियारों को शामिल करने की अनुमति भी होगी।

करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये के इस रक्षा सौदे को भारत के इतिहास के सबसे बड़े सैन्य समझौतों में से एक माना जा रहा है। फिलहाल भारतीय वायु सेना के पास 36 राफेल जेट हैं और नए सौदे के बाद इनकी संख्या काफी बढ़ जाएगी, जिससे देश की हवाई सुरक्षा क्षमता मजबूत होगी।

इसके अलावा भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल-एम जेट का करीब 63 हजार करोड़ रुपये का अलग ऑर्डर पहले ही दिया जा चुका है। इस तरह कुल मिलाकर भारत के पास भविष्य में 186 राफेल जेट होने की संभावना है।

सरकार का मानना है कि इस सौदे से न सिर्फ वायु सेना की ताकत बढ़ेगी, बल्कि टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, डसॉल्ट-टाटा साझेदारी और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। जेट्स की डिलीवरी 2030 तक पूरी होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट के अनुसार, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रस्तावित भारत दौरे के दौरान इस डील को अंतिम रूप दिया जा सकता है।